22 जनवरी तक संप्रेक्षण गृह में सुनाई देगी रामधुन
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। अयोध्या में श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण बस्ती के बाल संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध बाल अपचारी भी देख सकेंगे। इसके लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। बाल अपचारी प्रोजेक्टर के माध्यम से श्रीराम लला का दर्शन करेंगे।
शहर के पचपेड़िया में स्थित मंडलीय बाल संप्रेक्षण गृह में बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर के 94 बाल अपचारी निरुद्ध हैं। रविवार को इस संप्रेक्षण गृह में भगवान राम के जीवन से जुड़े भजनों को सुबह बजाया जाने लगा है, जिसे 22 जनवरी तक सुबह-शाम बजाया जाएगा l पूरे परिसर की सफाई कराई गई है। सजावट के भी इंतजाम किए जा रहे हैं।
बाल संप्रेक्षण गृह के प्रभारी अविनाश पटेल ने बताया कि संप्रेक्षण गृह में 94 बाल आपचारी निरुद्ध हैं। 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा का दर्शन करने के लिए प्रोजेक्टर की व्यवस्था की गई है। 22 जनवरी तक हर दिन संप्रेक्षण गृह में भजन बजेगा।