संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज (बस्ती)।
शहर से सटे अमहट पुल पर रविवार शाम अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने में एक कार रेलिंग तोड़कर पुल से लटक गई। आसपास के लोगों ने किसी तरह कार सवार तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस और एनएचएआई की टीम ने क्रेन की मदद से कार को भी किनारे किया।
महाराष्ट्र के एवतमान के रहने वाले महेश कुमार अपने मित्रों स्वनिल सिलोटकर,धमानन मस्के के साथ अयोध्या घूमने आये थे। रविवार शाम तीनों लोग कार से किसी काम से सिद्धार्थनगर के लिए निकले। शाम करीब 6:45 बजे अमहट पुल पर उनकी कार के सामने अचानक एक बाइक आ गई। उसे बचाने के लिए कार चालक ने गाड़ी को बायीं तरफ मोड़ दिया। इससे कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए पुल से लटक गई। घटना देखकर आसपास के लोग दौड़े और कार में फंसे महेश, स्वनिल व धमानन को बाहर निकाला। सूचना पर एनएचएआई के मुकेश सिंह और पुलिस टीम पहुंच गई। सेफ्टी मैनेजर श्याम अवतार शर्मा ने बताया कि कार सवार लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। क्रेन की मदद से कार को भी हटा लिया गया।