रुधौली। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी व डीएम अंद्रा वामसी ग्राम पंचायत मझौवा कला में वित्त आयोग योजना के तहत निर्मित अमृत सरोवर एवं किचन शेड का लोकार्पण किया। डीएम ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद मझौवा कला का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से बातचीत किया।
उन्होंने छात्रों से कहा कि लक्ष्य के प्रति सजग व अडिग रहें, उसे पाने के लिए लगातार कड़ी मेहनत करें। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर के पास विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र होने से अत्यन्त मनमोहक दृश्य उभरकर सामने आ रहा है। इस गांव का वातावरण देखने के बाद घर जैसा आनंद मिल रहा है। इस कार्य के लिए प्रधान व अधिकारियों की जितनी सराहना की जाए कम है। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रधान को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।
अधिकारियों को निर्देश दिया कि समस्त कार्रवाई पूरी कर प्रधान को प्रशस्ति पत्र देने की संस्तुति करें। मौके पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम शाहिद अहमद, पीडी राजेश कुमार झा, डीडीओ संजय शर्मा, बीडीओ विनय कुमार द्विवेदी, सतीश चंद्र गौतम, प्रधान द्रोपदी आदि मौजूद रहीं।