बस्ती। किसानों के हित में चलाए जा रहे फार्मर रजिस्ट्री अभियान के तहत मंगलवार को मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने राजस्व ग्राम डारीडीहा स्थित सीएससी पर तैयार की जा रही फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान व स्थानीय किसान उपस्थित रहे। मुख्य राजस्व अधिकारी ने सीएससी संचालक को फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित दो लिस्ट अंबर और ग्रीन लिस्ट के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन सूचियों की मदद से शेष किसानों की रजिस्ट्री आसानी से तैयार की जा सकती है। सीआरओ ने मौके पर मौजूद हल्का लेखपाल अरविंद्र सिंह को निर्देशित किया कि जो किसान मृतक हैं या बाहर रहते हैं, उनकी सूचना तहसील पोर्टल पर अपलोड की जाए, ताकि संबंधित डेटा को कृषि उपनिदेशक बस्ती के माध्यम से पोर्टल से हटाया जा सके। कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना की अग्रिम किस्त का भुगतान फार्मर रजिस्ट्री पूरी होने के बाद ही किया जाएगा। किसानों को फार्मर रजिस्ट्री की अनिवार्यता एवं प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया गया। संवाद