संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पिछले गर्मी में केमिकल से फलों का जूस तैयार किए जाने का भंड़ाफोड़ होने के बाद कुछ दिनों तक धंधेबाज सकते में रहे। प्रशासनिक हलचल भी देखी गई। कुछ दुकानों से जूस के नमूने भी लिए गए। नगर पालिका ने आनन-फानन शहर के फुटपाथ पर अवैध तरीके से संचालित आधा दर्जन से अधिक जूस की दुकानों को हटाने के लिए नोटिस भी जारी कर दिया।
मगर, मौसम ठंड का आया तो सब ठंडा पड़ गया। न शहरी क्षेत्र से दुकानें हटीं और न ही नमूनों की जांच हो सकी। इधर, मौसम बदलते ही यह धंधा फिर चटख होने लगा है। एक से दो वर्ष के भीतर टिन और जस्ते से बनी माड्यूलर टंकियों में जूस कार्नर खोलने का चलन तेजी से बढ़ा है।
इनमें आगे की तरफ आकर्षक डिजाइन के बने खांचे आम, मुसम्मी, संतरा, अनानास, केला, पपीता आदि ताजे फलों से सजे रहते हैं। सामने से जूस की ये दुकानें चमचमाती हुई नजर आती हैं। इस तरह के जूस की दुकानों की भरमार हो गई है।
शहरी क्षेत्र के अलावा हाईवे और अन्य प्रमुख मार्ग से जुड़े शहर के बाहर चौक-चौराहों पर एक ही डिजाइन के जूस कार्नर 25 से 30 की संख्या में हो गए हैं। पिछले गर्मी के सीजन में पटेल चौक पर कुछ जूस पीने वाले ग्राहकों ने माड्यूलर टंकी के अंदर कर्मचारियों को केमिकल से जूस तैयार करते हुए पकड़ लिया था।
इसी के बाद इस तरह के जूस कार्नर संदिग्ध माने जाने लगे। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने ताबड़तोड़ छापे मारे। बस्ती शहर और हर्रैया क्षेत्र में पांच से अधिक दुकानों से जूस के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। कुछ दिनों के लिए यह दुकानें बंद भी हाे गईं।
नगर पालिका ने शहर के गांधीनगर, कचहरी चौराहा, रोडवेज आदि जगहों पर फुटपाथ पर लगीं नौ दुकानों को हटाने के लिए नोटिस भी दिया। मगर, मामला ठंडे बस्ते में चला गया। न तो दुकान हटाई गईं और न ही नमूनों की जांच रिपोर्ट आई। अब फिर से यह दुकानें पुराने अड्डों पर सजकर तैयार हो गई हैं।