- पोस्टमैन का फर्जी नियुक्ति पत्र देकर ऐंठ लिए रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
हर्रैया। डाक विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर एक व्यक्ति से दो लाख 20 हजार रुपये लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र देने के मामले में पुलिस ने दंपती के विरुद्ध धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मरवटिया गांव निवासी विशाल ने हर्रैया पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि पैकोलिया थाना क्षेत्र के मदरहवा निवासी सुनीता पत्नी पेशकार सुकरौली चौधरी डाकघर में पोस्टमैन हैं। जून 2022 में पेशकार ने तिलकराम को डाकघर में पोस्टमैन पद पर नौकरी दिलाने के बदले दो लाख 20 हजार रुपये की मांग की। पीड़ित ने पहली किश्त के रूप में एक लाख 20 हजार रुपये दे दिए।
आरोपित ने पीड़ित के अभिलेख लेकर कुछ कागजों पर हस्ताक्षर कराकर विभाग में जमा कराने की बात बताई। पेशकार और उसकी पत्नी उसे जल्द नौकरी मिलने का झांसा देते रहे। मामले में कुछ गड़बड़ लगा तो तिलकराम ने पेशकार और उसकी पत्नी पर रुपये वापस करने का दबाव बनाया। कई माह दोनों उसे टरकाते रहे। जुलाई में तिलकराम को पोस्टमैन पद का फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। बाकी एक लाख रुपये भी ले लिए। पीड़ित नियुक्ति पत्र लेकर जब प्रधान डाकघर कार्यालय पहुंचा तो वह फर्जी निकला।
यह सुनकर उसके होश उड़ गए। तिलक राम ने अपने साथ हुई ठगी की बात परिजनों को बताई, तो रुपया वापस मांगने घर पहुंच गए। आरोप है कि दंपती ने रुपये वापस करने से मना करते हुए गालियां देते हुए धमकी देकर भगा दिया। प्रभारी निरीक्षक राणा देवेंद्र प्रताप सिंह बताया कि केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है। जल्द ही गिरफ्तारी होगी।