नगर बाजार (बस्ती)। विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से आठ लाख 91 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। कलवारी थाना क्षेत्र के ग्राम मसानडीह निवासी मोहम्मद इरशाद ने बृहस्पतिवार को एसपी अभिनंदन को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने एसपी को शिकायत पत्र देकर कहा है कि नगर थाना क्षेत्र के ग्राम मदारपुर निवासी व्यक्ति ने विदेश में नौकरी दिलाने की बात कहकर उसके पिता को झांसे में लिया और विभिन्न तिथियों में 8,91,000 रुपये तबरेज खान नामक शख्स के खाते में ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित का आरोप है कि जब एक साल बाद भी उसे विदेश नहीं भेजा गया तो रुपये और पासपोर्ट लौटाने के लिए वह आरोपी पर दबाव बनाने लगे।
कुछ दिन तक तो आरोपी टाल-मटोल करता रहा, इसके बाद उसे और पिता को जान से मारने की धमकी देने लगा।
इस बावत नगर थाने के थानेदार विश्वमोहन राय का कहना है कि उसके पास ऐसा कोई शिकायती पत्र नहीं आया है। यदि तहरीर दी गई तो उचित कार्रवाई की जाएगी। संवाद