संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। नायब तहसीलदार घनश्याम शुक्ला मामले में कोर्ट में 29 अप्रैल को आरोप तय किया जाएगा। इस मामले में जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुलदीप सक्सेना की अदालत में सुनवाई होगी। इसमें पत्रावली में आरोप तय होना है।
उल्लेखनीय है कि 12 नवंबर 2023 की रात एक महिला नायब तहसीलदार ने तत्कालीन नायब तहसीलदार घनश्याम शुक्ला पर तमाम आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना के बाद पुलिस ने उन्हें 27 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय ने उन्हें जेल भेज दिया था। 72 दिन बाद उन्हें हाईकोर्ट से जमानत मिली थी। इस मामले में विवेचक ने छह फरवरी को न्यायालय में आरोपपत्र भेजा था। इसी पत्रावली पर सुनवाई होनी है।
डीजीसी क्रिमिनल परिपूर्णानंद पांडेय ने बताया कि यह मामला पहले सीजेएम कोर्ट में था। वहां से सेशन ट्रायल के लिए जिला जज की अदालत में पत्रावली पहुंच गई है। इस मामले में 29 अप्रैल को पहली सुनवाई होगी, जिसमें घनश्याम शुक्ला पर आरोप तय होगा।