चार केंद्रों पर 16 से होगा कापियों का मूल्यांकन
बस्ती। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा का मूल्याकंन 16 से 26 मार्च तक होगा। यूपी बोर्ड की कापियों के मूल्यांकन के लिए जिले में चार केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट तथा श्रीकृष्ण पांडेय इंटर कालेज और जीआरएस इंटर कालेज में हाईस्कूल की कापियों का मूल्यांकन होगा।
पिछले वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा 28 फरवरी और इंटरमीडिएट का पेपर दो मार्च को समाप्त हो गया था। इसके छह दिन बाद आठ मार्च से कापियों का मूल्यांकन शुरू हो गया था। इस वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा तीन मार्च जबकि इंटरमीडिएट की छह मार्च को समाप्त हुई है। बोर्ड के टाइम टेबुल के अनुसार छह दिन बाद 12 मार्च से मूल्यांकन कार्य शुरू हो चाहिए था। पिछले वर्ष हाईस्कूल की 2.21 लाख तो इंटरमीडिएट की 2.37 लाख कापियों का मूल्यांकन किया गया था। जिसके लिए इंटरमीडिएट में 74 डिप्टी हेड, 648 परीक्षक हाईस्कूल में 67 डिप्टी हेड और 653 परीक्षकों की ड्यूटी लगायी गयी थी। लेकिन इस साल काफी संख्या में छात्र-छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी थी, जिसके कारण इस साल कापियां कम आयेंगी।
डीआईओएस डॉ. बृजभूषण मौर्या ने बताया कि जो पिछले वर्ष मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे। वही इस बार भी रहेंगे। जिसके लिए सभी तैयारी पूरी की जा रही है। जिस केंद्र पर बोर्ड की ओर से कापियों का आवंटन किया गया है। शीघ्र ही कापियां केंद्रों पर पहुंच जाएंगी और समय से मूल्यांकन कार्य पूरा करा लिया जायेगा।