बस्ती। शहर के पिकौरा शिवगुलाम मोहल्ले के रहने वाले दीनानाथ शुक्ल और अरुण शुक्ल ने सोमवार को कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस को बताया कि अस्पताल चौकी के पास मनहनडीह गांव में उनकी चहारदीवारी शुदा पैतृक जमीन है, जिसे अराजक तत्वों ने पिछले दिनों तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। बिना किसी दुश्मनी या विवाद के चहारदीवारी क्षतिग्रस्त किए जाने से उनका पूरा परिवार सहमा हुआ है। किसी अज्ञात शख्स पर जमीन कब्जा करने का संदेह भी हो रहा है। इन लोगों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली पुलिस ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में लाया गया है। इसकी गहनता से जांच कराई जाएगी। चहारदीवारी तोड़ने वालों का पता लगाने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।