जननायक एक्सप्रेस से बिहार के मोतिहारी बहन के घर जा रहा था
गौर रेलवे स्टेशन के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
गौर। रेलवे स्टेशन के पूरब तरफ लाइन संख्या चार के पास बुधवार को ट्रेन से गिरकर घायल युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई थी। जीआरपी ने युवक की पहचान पंजाब के आनंद कुमार (23) पुत्र विजय कुमार के रूप में की है। शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जीआरपी के अनुसार, आनंद पंजाब से जननायक एक्सप्रेस से बिहार के मोतिहारी में अपनी बहन के घर जा रहा था। ट्रेन गौर रेलवे स्टेशन के पास पहुंची थी कि युवक अचानक नीचे गिर गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर उसे पुलिस ने इलाज के लिए 108 एंबुलेंस से गौर सीएचसी भेजवाया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
आनंद के साथ ट्रेन में सफर कर रहे उसके साथी वीरेंद्र ने बस्ती रेलवे स्टेशन पर जैसे ही ट्रेन रुकी कि उसकी खोजबीन करने लगे, लेकिन उसका पता नहीं चला। उसने मोबाइल पर फोन किया। दूसरी तरफ से फोन पुलिस वालों ने उठाया और बताया कि युवक की गौर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से गिरकर मौत हो गई है। वीरेंद्र ने बताया कि वह दोनों पंजाब के धूरी जटवलिया गांव के थाना सीपी चैनपुर के रहने वाले हैं और दोनों लोग साथ में बिहार के मोतिहारी में बहन के घर जननायक एक्सप्रेस ट्रेन से जा रहे थे।
आनंद कुमार गर्मी के चलते कुछ देर से गेट पर खड़ा था। तभी वह हादसे का शिकार हो गया। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक एमपी चतुर्वेदी ने बताया कि पंजाब के युवक की गौर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से गिरकर मौत हुई है। उसकी पहचान हो गई है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।