अभी जारी रह सकता है मौसम में आया बदलाव
12 अक्तूबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान
मौसम विज्ञानियों ने जताई 140 मिमी बारिश होने की संभावना
बस्ती। लगातार चार दिन से मौसम में आया बदलाव अभी हफ्ते भर जारी रह सकता है। इस बीच मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि 12 अक्तूबर तक आसमान साफ होने के आसार कम हैं। इस दौरान 110 से 140 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। इस बीच अधिकतम तापमान 27-28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। लगातार बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया है।
इस बार बारिश कम होने से धान समेत खरीफ की ज्यादातर फसलों को भारी नुकसान हुआ है। फसलों को बचाने के लिए किसानों को अपनी पूरी ताकत झोंकनी पड़ी। हालांकि सितंबर के आखिर में रुक-रुक कर हुई करीब दो सौ मिलीमीटर बारिश ने फसलों के लिए संजीवनी का काम किया और एक बार फिर मौसम के मेहरबान रहने की उम्मीद जग गई है। मगर सोमवार रात से ही तेज पुरवाई के साथ हुई बारिश ने अतिवृष्टि के चलते उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इन चार दिनों में बुधवार रात 120 मिलीमीटर बारिश हुई। जिससे खेतों में पानी भरने के साथ ही बालियों से लदी धान की फसल खेत में गिर गईं।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग की तरफ से शुक्रवार को जारी पूर्वानुमान के मुताबिक बस्ती समेत समूचे पूर्वी उत्तर प्रदेश में मध्यम से घने बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं हल्की से मध्यम एवं कुछ स्थानों में मध्यम से तेज बारिश का अनुमान है। हालांकि हवा की गति ज्यादा तेज नहीं रहेगी। इसकी रफ्तार पांच से 12 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।