लालगंज। महर्षि उद्दालक मुनि के तपो भूमि पर कुआनो-मनोरमा नदी के संगम तट पर चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर प्रति वर्ष लगने वाले पांच दिवसीय मनवर मेले में शुक्रवार को भी श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान करने के बाद तट पर स्थित बाबा मोक्षेश्वर नाथ शिव मंदिर में पहुंच कर भगवान शिव कि पूजा-अर्चना की। गोदान और अन्नदान करके पुण्य अर्जित किया।
परपौराणिक मान्यता के अनुसार संगम पर पहुंचे के संतकबीरनगर के पियारेपुर जोत लालू, चेरापुर, छितही, घोराह, खरवनिया, घुघसा, जयपुर, खैराटी, बनकटी, बखरिया, मसुरिहा, जगरनाथपुर, शूरापार, नेवारी, जनजन, कुरमौल, छतौरा, ठोकवा, जिगिना देव, कपसौना, गौरा धुंधा के श्रद्धालुओं ने पहले तो नदी के पवित्र संगम में स्नान किया। फिर पूजा-पाठ के बाद मेले का भ्रमण करके मेले का लुत्फ लिया और कुछ लोगों ने अपनी जरूरत के अनुसार घरेलू सामानों की खरीदारी की।
एक तरफ जहां मेले में आई महिलाओं ने मेले में सजी हुई दुकानों से खरीदारी की, वहीं अपने स्वजनों के साथ आए बच्चों ने मेले में लगे तरह तरह के झूलों का आनंद उठाया। पांच दिनों तक चलने वाले इस मनवर मेले में आए हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस तैनात रही।