न्याय की आस में समाधान दिवस का चक्कर लगा रहे फरियादी
हर बार आश्वासन मिलने के चलते टूट रही उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। समाधान दिवस पर फरियादियों को सुनने की परंपरा पुरानी हो चुकी है। हर बार की तरह इस बार भी शनिवार को थानों पर समाधान दिवस का आयोजन हुआ। न्याय की उम्मीद लेकर पहुंचे फरियादी मायूस होकर घर लौटते समय बोले-हर बार की तरह कुर्सियां सजीं... अधिकारी आए, फरियादियों को सुना और आश्वासन देकर चले गए।
बनकटी प्रतिनिधि के अनुसार, लालगंज थाने पर आयोजित समाधान दिवस में तहसीलदार बहादुर सिंह व थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने नौ मामलों की सुनवाई कर दो का मौके पर निस्तारण किया। तहसीलदार के समक्ष हाथ में प्रार्थनापत्र लेकर पहुंचीं सेल्हरा गांव की धनपति ने कहा कि तीन समाधान दिवस पर प्रार्थनापत्र दे चुकी हूं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
उसने बताया बैमाने की जमीन में मकान बनवा रही हूं, पटीदार खुद की जमीन बताकर बार-बार बाधा डाल रहे हैं। आज तीसरी बार फिर शिकायत की तो अधिकारियों ने दोबारा कार्रवाई का आश्वासन दिया है। दूसरी बार समाधान दिवस पर शिकायत करने पहुंचे बसौढ़ी के सीताराम ने बताया कि तहसीलदार ने आश्वासन दिया है कि नायब तहसीलदार व पुलिस को भेजकर समस्या निस्तारित कराएंगे।
सोनहा प्रतिनिधि के अनुसार, नायब तहसीलदार भानपुर पूजा वर्मा व प्रभारी निरीक्षक सोनहा विनोद कुमार मिश्रा ने फरियादियों को सुना। हालांकि, फरियादियों की दीर्घा में कुर्सियां खाली पड़ी रहीं। भीवापार की निर्मला ने जमीन विवाद, बसडीला के कृष्ण चंद्र पांडेय ने सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत की। ग्राम पंचायत बांकेचौर के प्रधान मणिंद्र चौधरी ने प्रार्थनापत्र देकर बताया कि गांव के एक व्यक्ति ने सार्वजनिक रास्ते पर कब्जा कर लिया है। इससे खड़ंजा नहीं लग पा रहा है। ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। इस मौके पर रमजान अली अंसारी, उप निरीक्षक पन्ने लाल मिश्रा आदि मौजूद रहे।
...
शिकायतों का हो गुणवत्तापरक निस्तारण : एसपी
नगर बाजार। नगर थाने पर आयोजित समाधान दिवस में पहुंचे एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने फरियादियों के प्रार्थनपत्रों पर सुनवाई की। उन्होंने 16 मामलों की सुनवाई कर तीन का मौके पर निस्तारण किया। अन्य मामलों में तत्काल टीमें गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। मातहतों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समय से निस्तारण कराएं। निस्तारण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। इस मौके पर सीओ कलवारी अशोक कुमार मिश्र, नायब तहसीलदार वीर बहादुर सिंह, थाना प्रभारी नगर संतोष आदि मौजूद रहे। संवाद