नगर बाजार। कप्तानगंज नगर पंचायत के चेयरमैन चंद्र प्रकाश चौधरी की एसयूवी का शीशा तोड़कर टप्पेबाजों ने 9.50 लाख रुपये पार कर दिए। शनिवार शाम करीब 3:30 बजे कोतवाली क्षेत्र के बड़ेवन चौराहे के पास हुई वारदात के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस और सर्विलांस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।
प्राथमिकी के अनुसार, चेयरमैन शनिवार को बस्ती शहर स्थित एक बैंक से 9.50 लाख रुपये निकालकर अपने मित्र के साथ बड़ेवन चौराहे के पास एक दुकान पर चाय पीने पहुंचे थे। उन्होंने रुपयों से भरा बैग अपनी एसयूवी में रख दिया था। इसी दौरान टप्पेबाजों ने गाड़ी का पिछला शीशा तोड़कर बैग पार कर दिया। चाय पीने के बाद जब उन्हें घटना की जानकारी हुई तो बदमाश फरार हो चुके थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बस में सवार होकर भाग निकले। सूत्रों के मुताबिक, वे बड़ेवन से बस में बैठकर हड़िया चौराहे पर उतरे और फिर लापता हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। चेयरमैन की तहरीर पर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इंस्पेक्टर बृजानंद सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
अलग-अलग टीमें कर रहीं छानबीन
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें लगाई हैं। टीमें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों से भी पूछताछ की जा रही है। आशंका है कि बैंक से रुपये निकालने के दौरान ही टप्पेबाज चेयरमैन का पीछा कर रहे थे।