चाट विक्रेता का शव गड्ढे में मिला
सिकंदरपुर (बस्ती)। परशुरामपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर कर्बला के निकट रविवार सुबह सड़क किनारे एक गड्ढे में औंधे मुंह पड़े युवक का शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई। आसपास जुटे लोगों ने युवक की पहचान चौरी बाजार के गया प्रसाद के बेटे ध्रुव गुप्ता (22) के रूप में की। वह चौरी बाजार में चाट का ठेला लगाते थे।
सूचना के बाद पहुंचे परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परशुरामपुर के थानाध्यक्ष अरविंद कुमार शाही तथा फॉरेंसिक टीम ने घटना से जुड़े साक्ष्यों को एकत्रित कर शव को कब्जे में लिया। युवक के पैर की दोनो चप्पलें दूर-दूर पड़ी मिली। सिर के पिछले हिस्से में हल्की चोट व पैर में खरोच के निशान मिले। नाक से खून बहा पाया गया।
मृतक के छोटे भाई करन गुप्ता का कहना है कि तीन भाइयों में मझले ध्रुव गुप्ता चौरी बाजार में चाट की दुकान लगाते थे। वह दुकान बंद कर बाजार में घूमने निकले थे। वह कब और कैसे घटनास्थल पर पहुंचे, पता नहीं चला। जब वह देर रात घर नहीं पहुंचे तो काफी खोजबीन की गई, पर पता नहीं चला। सुबह पता चला कि उनके भाई का शव सिकंदरपुर सड़क किनारे पड़ा हुआ है।
एसएचओ अरविंद शाही ने बताया कि ध्रुव नशा करने का आदी बताया जा रहा है। नशा मुक्ति केंद्र से दो बार भागकर आने की जानकारी मिली है। पुलिस सभी पहलुओं पर छानबीन कर रही है।