एक्स-रे कराने के लिए निजी लैब में देना पड़ रहा 200 से 250 रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
बनकटी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थापित एक्-रे मशीन की कैसेट स्क्रिन एक सप्ताह से खराब है। इससे मरीजों को लौटना पड़ रहा है या फिर निजी संचालकों की लैब से मंहगे दामों पर एक्स-रे कराना पड़ता है। पीएचसी में रोजाना काीब 50-70 मरीजों की ओपीडी होती है।
जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक रवि सोनकर ने अपनी निधि से अस्पताल में सितंबर 2021 में एक्स-रे मशीन लगवाया था। तब से यह सुविधा मरीजों का निशुल्क मिल रही थी। मशीन ठीक रहने पर यहां प्रतिदिन आठ-10 एक्स-रे होता था। सप्ताह भर से जरूरतमंद मरीजों की निजी लैब से एक्स-रे कराना पड़ रहा है। इसके लिए उन्हें 200-250 रुपये खर्च करने पड़ रह हैं।
एक्स-रे टेक्नीशियन सुनील कुमार ने बताया कि उच्चाधिकारियों को इसकी लिखित सूचना भेज दी गई है। सोमवार को एक्स-रे कराने आए अजय शुक्ल, शिव शंकर मिश्रा, लालजी आदि ने बताया कि डॉक्टर ने एक्स-रे कराने के लिए कहा है। चिकित्साकर्मियों ने बताया कि मशीन खराब है। बाहर से कराना पड़ेगा।
पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि सीएमओ कार्यालय को मशीन की कैसेट स्क्रिन खराबी की जानकारी दी गई है। जल्द ही कैसेट स्क्रीन आ जाएगी, तब मरीजों को पूर्व की भांति सुविधाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी।