गणेश प्रतिमा विसर्जन के जुलूस में बजाया गया था तेज डीजे
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। हर्रैया पुलिस ने 26 सितंबर को गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने के आरोप में 16 दिन बाद चार डीजे संचालकों पर केस दर्ज किया गया है।
एसआई मनोज दूबे ने तहरीर में बताया है कि गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस में कुछ डीजे संचालकों ने तेज आवाज में डीजे बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाया। इसमें मां डीजे के प्रोपराइटर रामजी कसौधन निवासी वार्ड 09 मनोरमा नगर कस्बा हर्रैया, चौधरी डीजे के संचालक संदीप चौधऱी निवासी तेनुआ थाना हर्रैया, शिवम डीजे के शुभम पटेल निवासी चिन्तौरा थाना टांडा जिला आंबेडकर और दबंग डीजे संचालक तेजमन यादव निवासी गौरा बुजुर्ग थाना टांडा जिला आंबेडकर पर केस दर्ज किया गया है।
आरोप है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश की अवहेलना करते हुए इन सभी लोगों ने निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि प्रदूषण पैदा किया। इससे पहले पुरानी बस्ती पुलिस ने छह डीजे संचालकों पर केस दर्ज कर उन्हें शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार किया था। जिसमें वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के चुआड़े निवासी सलमान, श्याम धर, अमरनाथ, हरिश्चंद्र, अजीत और कोतवाली क्षेत्र के कन्हैया शर्मा शामिल थे। पुलिस के अनुसार इन लोगों ने विसर्जन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बनाए गए नियमों का उल्लंघन किया।