बस्ती। परशुरामपुर क्षेत्र में अवैध बूचड़खाना संचालित होने का फर्जी मैसेज वायरल करना एक शख्स पर भारी पड़ गया। एक्स पर पोस्ट किए गए मैसेज की पुलिस ने जांच की तो पुरानी फोटो पर मैसेज लिखकर वायरल करने की पुष्टि हुई। चौकी प्रभारी सिकंदरपुर ने समाज में सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश सहित अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया।
चौकी प्रभारी रमेश कुमार साहनी ने तहरीर में बताया है कि सात मार्च से व्हाट्सएप पर एक संदेश परशुरामपुर थाना क्षेत्र के हैदराबाद इलाके में वायरल हो रहा है, जिसमें अवैध बूचड़खाना की फोटो व वीडियो दिखाया जा रहा है। सूत्रों के हवाले से इस संदेश में कहा गया है कि वायरल संदेश सिकंदपुर चौकी क्षेत्र का है। लिखा गया था कि 30 हजार रुपये हर सप्ताह लेकर यह खेल चल रहा है।
सीओ हर्रैया संजय सिंह ने बताया कि जांच में पता चला कि यह संदेश सिकंदरपुर निवासी सीताराम मौर्या ने ट्विटर हैंडल से पोस्ट किया है। इस बारे में सीताराम से संपर्क किया गया तो उनके मोबाइल में फोटो मौजूद मिली।
पुलिस के पूछने पर सीताराम मौर्य ने बताया कि उन्हें इसकी सत्यता की जानकारी नहीं है। किसी ने उन्हें एक एप के माध्यम से भेजी है। संवाद