व्यापारी से अभद्रता के मामले ने तूल पकड़ा
बस्ती। उप्र आदर्श व्यापार मंडल की बैठक शनिवार को मंगल बाजार स्थित व्यापारी अनिल गुप्ता के आवास पर हुई। इसमें संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने शहर के गांधी नगर चौकी इंचार्ज द्वारा व्यापारी गणेश कसौधन से अभद्रता व मारपीट करने पर आक्रोश व्यक्त किया। संगठन ने इस मामले में चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई करने की मांग की है। न्याय न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी। संगठन के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार गुप्त ने नाराजगी जताते हुए कहा कि धर्मशाला रोड पर रजाई गद्दा व्यवसायी गणेश कसौधन और एक अन्य व्यक्ति के आपसी विवाद में चौकी इंचार्ज ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए कालर पकड़कर गणेश कसौधन को दुकान से बाहर खींचा। दुकान बंद कराने की चेतावनी देते हुए अपशब्द भी कहे। इस पर भी उनका गुस्सा थमा नहीं और व्यापारी को तमाचा मारा, जिससे उनके दाएं कान का पर्दा फट गया। पुलिस का यह रवैया निंदनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे गैर जिम्मेदार को बर्खास्त कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। इस मामले को प्रदेश अध्यक्ष के माध्यम से मुख्यमंत्री, गृहमंत्री, मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक तक ले जाएंगे। इस मौके पर कार्यवाहक अध्यक्ष विश्वनाथ वर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शरद रावत, अनिल कुमार गुप्त, उपाध्यक्ष मनीष गुप्ता, अतुल मिश्रा, संगठन मंत्री राकेश कसौधन, अरशद जावेद, संजय कसौधन, मंत्री प्रभात सोनी उर्फ आर्यन, कोषाध्यक्ष अमन दास लखमानी, आकाश वैश्य, सुभाष आदि मौजूद रहे।
चौकी इंचार्ज ने आरोप को निराधार बताया
चौकी इंचार्ज गांधी नगर के जितेंद्र कुमार शाही ने व्यापारी को मारने की बात से इनकार किया। बोले वहां विवाद होने की स्थिति बनी थी, जिसकी सूचना पर गया जरूर था, मगर मैंने किसी को मारा नहीं। यह आरोप निराधार है।