बस्ती। दो जून 2024 को वाल्टरगंज थाने के बेलहरा बाग में घायल मिले युवक की मौत के मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर छह आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। इसी थाने के बहादुरपुर निवासी हरिगोविंद ने न्यायालय में प्रार्थनापत्र दिया कि उसके पट्टीदार उससे जमीन को लेकर रंजिश रखते हैं। आरोप है कि 21 मई 2024 की रात में विपक्षी रणजीत साजिश के तहत गांव के अन्य के साथ मिलकर उसके लड़के फूल कुमार को बेलहरा चौराहे पर बुलाए। फूल कुमार शाम 6 बजे घर से कह कर गया कि हरिलाल की लड़की की शादी में जा रहा है। आरोप है कि रात में आरोपी मिल कर उसे मारपीटकर बेलहरा बाग मे फेंक दिये। अगले दिन हरिलाल के भाई का लड़का अंकुश फोन करके बताया कि फूल कुमार एक्सीडेन्ट में घायल होकर बाग में बेहोश पड़ा है। सूचना पर परिवार के लोग पहुंचे और अपने लड़के को जिला अस्पताल में भर्ती कराए। हालत गंभीर देख कर डाक्टर ने बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। जहां पर इलाज के दौरान फूल कुमार की मृत्यु हो गयी। आरोप है कि रणजीत बार-बार धमकी देता है कि जैसे फूल कुमार को मरवा दिया वैसी ही तुम्हारे दूसरे लड़के को भी मारवा कर खानदान खत्म कर देंगे। एसओ उमाशंकर तिवारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रणजीत, रविन्द्र, सूरज, रामलौटन निवासीगण बहादुरपुर थाना वाल्टरगंज, हरिलाल, अंकुश निवासी बेलहरा थाना वाल्टरगंज पर केस दर्ज किया गया है।