बस्ती। दुबौलिया पुलिस ने पैसा हड़पने व धमकाने के मामले में केस दर्ज किया है। एक ऑटोमोबाइल्स के प्रबंधक शरद शुक्ला ने तहरीर दी है कि उनकी फर्म से एक ट्रैक्टर, एक कल्टीवेटर, एक रोटावेटर तीन दिन के डेमो के लिए मझौवा निवासी बृंद कुमार चौधरी को दिया गया। निर्धारित समय बीतने के बाद उनका प्रतिनिधि उसके घर गया तो उन्होंने मशीनों से संतुष्टि जताई और जल्द ही बैंक से ऋण लेकर इन्हें खरीद लेगा। बाद में पारिवारिक समस्याओं का हवाला देकर भुगतान टालते गए। 12 मई को वे खुद भुगतान के लिए उनके घर गए तो अपशब्द कहते हुए लाठी-डंडा लेकर हमला करने की कोशिश की। धमकी दी कि न भुगतान करेंगे और न ही मशीन लौटाएंगे। संवाद
प्राथमिक विद्यालय का ताला तोड़कर चोरी
रुधौली। विशुनपुरवा चौकी के अंतर्गत पिपरा रहीम गांव में प्राथमिक विद्यालय का ताला तोड़कर चोरी हो गई। जानकारी होने पर सहायक अध्यापक संदीप चौधरी और ग्राम प्रधान के साथ ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। प्रधानाध्यापक दीपचंद ने चौकी प्रभारी जयविंद यादव को खाद्य सामग्री सहित अन्य सामान चोरी हो जाने की तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है। संवाद
मारपीट में एसपी से लगाई न्याय की गुहार
बस्ती। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के पिकौरा शुक्ल निवासी सुरेंद्र कुमार ने एसपी को पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। कहा है कि सात जून को उनका लड़का अमित कुमार गांव में ही झीनक के लड़की की शादी में शामिल होने गया था। पुरानी रंजिश में गांव के ही हरिश्चंद्र ने जाति सूचक गालियां देकर मारा पीटा। किसी तरह वह बच गया। उलाहना देने उनके घर गए तो उन्हें भी मारा पीटा। संवाद
ऑटो की टक्कर से बाइक सवार घायल
हर्रैया। हाईवे पर तेनुआ गांव के सामने क्रॉसिंग पर गलत दिशा से आ रहे एक ऑटो ने बाइक में टक्कर मार दी। नगर थाना क्षेत्र के बाइक चालक रामू घायल हो गए। पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। कोठवा भरतपुर के रामू किसी कार्य से हरैया क्षेत्र में आए थे। बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे घर लौटते समय हादसा हो गया। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह ने पुलिस कर्मियों के सहयोग से उनको सीएचसी पहुंचाया। परिजनों को घटना की सूचना दी गई है। संवाद
खड़े ट्राला से टकराया पिकअप, चालक घायल
परशुरामपुर। परशुरामपुर-लड़कमंडी मार्ग पर छेदियापरा गांव के पास बभनान से अयोध्या जा रहा पिकअप बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे खड़े ट्राले से टकरा गया। ट्राला सड़क किनारे गिट्टी उतारने के लिए खड़ा था। टक्कर में पिकअप का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मिर्जापुर माफी अयोध्या निवासी चालक मुकेश शर्मा को गंभीर चोटें आईं। उसको स्थानीय लोगों ने परशुरामपुर सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। संवाद
भूमि विवाद में मारपीट, केस दर्ज
बस्ती। मुंडेरवा पुलिस ने भूमि विवाद में मारपीट में केस दर्ज किया है। कोहडवा निवासी ज्वाला प्रसाद यादव ने तहरीर देकर बताया है कि भूमि विवाद को लेकर विपक्षियों ने अपशब्द कहा। मना करने पर उन्हें, उनकी पत्नी, दो बेटियों को मारा-पीटा। बाइक, दीवार व अन्य सामान तोड़ दिया और धमकाया भी। पुलिस ने अनिरुद्ध समेत 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। संवाद
खेत में सोने गए व्यक्ति को पीटा, केस
बस्ती। परशुरामपुर पुलिस ने मारपीट की घटना में केस दर्ज किया है। मदनापुर निवासी अनिल कुमार ने तहरीर के आधार पर बताया है कि गत दस जून की रात अपने खेत में सोए थे। पुराने विवाद व मकान बनाने की बात को लेकर अपशब्द कहा। मना करने पर उन्हें व उनके भतीजे को मारपीट कर जानमाल की धमकी दी। पुलिस ने गांव के शनि व तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। संवाद
मोबाइल पर पानी गिरने पर विवाद
बस्ती। नगर पुलिस ने मोबाइल पर पानी गिर जाने को लेकर हुए विवाद में केस दर्ज किया है। विरुऊपुर निवासी शैलेन्द्र यादव ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि मोबाइल पर पानी गिर जाने के कारण विपक्षियों ने अपशब्द कहते हुए मारपीट कर जानमाल की धमकी दी। पुलिस ने गांव के पंकज, अमित व राज के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद
महिला प्रधान ने लगाया हमले का आरोप
बनकटी। लालगंज थाना क्षेत्र के थरौली गांव की महिला ग्राम प्रधान पार्वती देवी ने लालगंज पुलिस से गांव के छह लोगों के पर मारपीट का लगाया आरोप। पार्वती देवी ने आरोप लगाया है कि बुधवार की रात 9.30 बजे सुनील पांडेय की डेयरी से रोज की भांति खाना खाकर घर जा रही थी। ताल के किनारे बंधे के पास पहले से घात लगाकर बैठे कुछ लोगों ने हमला कर दिया। एसएचओ शशांक शेखर राय ने बताया कि जांच की जा रही आरोप सिद्ध होने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
डिवाइडर से टकराकर बाइक सवार घायल
हरैया। हाइवे पर तहसील के सामने अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना में बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कस्बे के आंबेडकर नगर वार्ड निवासी दीपक (30) किसी कार्य से तहसील की तरफ बाइक से गए थे। बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर में जा भिड़ी। दीपक बाइक सहित सड़क पर गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया। जहां हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। संवाद
पांच वारंटी गिरफ्तार
बस्ती। सोनहा पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कोर्ट से फरार चल रहे पांच वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा है। प्रभारी निरीक्षक मोतीचंद ने बताया राम गोपाल निवासी पेलनी, भोला गोस्वामी व बेचन गोस्वामी निवासी जगदीशपुर उर्फ नौगढ़वा, खदेरू निवासी असनहरा एसीजेएम तृतीय न्यायालय व शिवलाल निवासी परसोहिया को ग्राम न्यायालय भानपुर भेज दिया गया है। संवाद
बाइक सवार मां बेटा सड़क पर गिरकर चोटिल
भानपुर। सोनहा थाना क्षेत्र के भानपुर रुधौली मार्ग पर असुरैना गांव के निकट तेज रफ्तार बुलेट की ठोकर से बाइक से जा रहे मनिकौरा गांव निवासी 55 वर्षीय निर्मला देवी व उनका बेटा संतराम 38 वर्ष चोटिल हो गये। हादसे के बाद सभी को सीएचसी पहुंचाया गया। चोटिल संतराम ने बताया कि वह बाइक से मां को बिठाकर भानपुर आ रहे थे। दोपहर 12.48 बजे हादसा हो गया। संवाद
दुष्कर्म के केस में वांछित दो आरोपी गिरफ्तार
बस्ती। दुबौलिया पुलिस ने युवती को भगाने और दुष्कर्म के केस में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि गौसिया व रसीदा बानो को निदुरी मोड़ के पास से बृहस्पतिवार को सुबह साढ़े नौ बजे गिरफ्तार किया गया। संवाद
तीन साल से खड़ी कार का बिहार में चालान
बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के सुरापार निवासी गिरिजेश शुक्ला के घर पर तीन साल से निष्क्रिय खड़ी कार का बिहार में तीन हजार रुपये का चालान कट गया। मोबाइल फोन पर मैसेज आने पर कार मलिक परेशान हो गए। बताया कि उनकी कार तीन साल से दरवाजे पर खड़ी है। 31 मई को मोबाइल पर ई-चालान का मैसेज आया तो अवाक रह गए। अगले दिन आरटीओ एवं यातायात पुलिस ऑफिस से ई-चालान की जांच कराई गई तो पता चला कि यह चालान बिहार के भोजपुर जिले के सिकरहट्टा थाना अंतर्गत हुआ है। प्रिंट निकलवाया गया तो उसमें ट्रक का फोटो छपा मिला। संवाद
बच्चों के विवाद में मारपीट, चार पर केस
पैकोलिया। थाना क्षेत्र के बेलभरिया राम गुलाम गांव में बच्चों के विवाद में दंपती की पिटाई के मामले में पुलिस ने चार लोगों पर केस दर्ज किया है। बेलभरिया राम गुलाम के संजय कुमार की पत्नी कांति देवी ने तहरीर दी है कि बच्चों के आपसी विवाद को छुड़ाने के कारण नाराज होकर बुधवार की रात करीब आठ बजे गांव के ही लालू, हुब्बा, राकेश और सत्ते अपशब्द कहते हुए उसे मारने-पीटने लगे। बीच बचाव करने आए मेरे पति संजय कुमार को भी मारा-पीटा। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र यादव ने बताया है कि केस दर्ज कर दंपती को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी गौर भेजा गया। संवाद