पुरानी बस्ती पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रेमजाल में फंसाकर शारीरिक शोषण करने का आरोप युवती ने लगाया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ का प्रयास शुरू कर दिया गया है। विवेचना सीओ सिटी आलोक प्रसाद कर रहे हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली 24 वर्षीय पीड़िता ने तहरीर में बताया है कि गोंडा जनपद के खोड़ारे के रहने वाले प्रवीण कुमार ने उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। वह पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में स्थित एक प्राइवेट बैंक में काम करता था। यहीं पर उसके साथ युवती की मुलाकात हुई थी।
आरोप है कि शादी करने का झांसा देकर उसने युवती से नजदीकी बढ़ा ली और उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाया। जब युवती ने शादी करने का दबाव बनाया तो उसके अनुसूचित का होने का हवाला देकर शादी करने से ही इंकार कर दिया। पीड़िता ने पुरानी बस्ती थाने पर तहरीर दी। इसके आधार पर आरोपी प्रवीण कुमार के खिलाफ आईपीसी 376 व एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा कायम कर लिया गया है।