गौर। हलुआ बाजार से दुकान बंद कर परिवार के साथ घर जा रही महिला के साथ हुई छेड़छाड़ व पिता-पुत्र को मारपीट कर घायल करने के मामले में नामजद छह आरोपियों में तीन को गौर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
सोमवार की रात करीब दस बजे काॅपी-किताब की दुकान बंद कर दुकानदार अपनी बहू व बेटे के साथ घर जा रहे थे। रास्ते में रफीकुउल्ला अपने बेटे सलमान, समीर व कुछ अन्य लोगों के साथ डीजे बजा रहे थे। तभी महिला को डीजे पर नचाने की कोशिश की।
एतराज करने पर मनबढ़ों ने पिता-पुत्र को मारपीट कर घायल कर दिया। इस मामले में काशीराम की तहरीर पर रफीकुउल्ला, सलमान, समीर, अनिल, कालिया और टिकोरी पर केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
प्रभारी निरीक्षक रामकुमार राजभर ने बताया कि आरोपी रफीकुउल्ला, सलमान और समीर को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवादी