कप्तानगंज (बस्ती)। छात्रा से रास्ते में मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्रा की तहरीर पर कप्तानगंज पुलिस ने छात्र पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी कप्तानगंज के एक स्कूल में कक्षा 11 में पढ़ती है। किशोरी का आरोप है कि उसकी कक्षा में पढ़ने वाला बगल के गांव का छात्र काफी दिनों से परेशान करता था। लोक लाज के डर से वह किसी को नहीं बताती थी। 16 अगस्त की दोपहर में छात्र और छात्रा के बीच किसी बात पर क्लास में विवाद हो गया। उसके बाद छात्रा ने मामले की शिकायत स्कूल के प्रधानाचार्य से की।
प्रधानाचार्य ने छात्र को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। दोपहर 2:30 बजे छात्रा के घर जाते समय कप्तानगंज चौराहे के पास मनबढ़ छात्र मारपीट पर उतर आया। पीड़िता ने लिखित सूचना कप्तानगंज थाने पर दी। परिजन मंगलवार को मामले की शिकायत एसपी से भी की। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर छात्र के ऊपर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। कप्तानगंज के प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार दुबे ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। संवाद