बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के बट्टूपुर में लाठी-डंडा, भाला, डंडा, कट्टा आदि लेकर जबरदस्ती गेहूं की फसल कटवाने को लेकर मारपीट के मामले में पुलिस ने नौ नामजद समेत 29 आरोपियों पर केस दर्ज किया है।
गांव संजय मिश्रा ने न्यायालय में प्रार्थनापत्र दिया था। बताया था कि 11 अप्रैल को विपक्षी एक राय होकर उसकी बोई हुई गेहूं की चार बिगहा फसल काट कर चुराकर ले गए। मना करने पर जान से मारने की नियत से कट्टा, भाला, लाठी, डंडा लेकर गाली देते हुए मारने के लिए दौड़ा लिया। काफी संख्या में होने के कारण उन लोगों ने उसे पकड़ कर धारदार हथियार से जान से मारने की नियत से सिर पर वार कर दिया।
इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। आरोप है कि उन लोगों ने तेजाब भी डाल दिया। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर कृपाशंकर तिवारी, कमलावती देवी पुत्री रामनरेश, कृष्णा देवी पत्नी कृपाशंकर, मोहन, बबलू, ध्रुपचंद्र निवासी बगही तिवारी थाना नगर, संजय दूबे, शुभम दूबे निवासी पिपरौला थाना नगर, उत्कर्ष तिवारी निवासी रतासगढ़ और 15-20 लोग नाम पता अज्ञात के विरुद्ध हत्या का प्रयास, चोरी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। संवाद