टक्कर से घायल बाइक सवार को कार सवारों ने पीटा
हर्रैया थाने के तेनुआ गांव के निकट हुई घटना
महराजगंज/हर्रैया (बस्ती)। हर्रैया थाने के तेनुआ के निकट कार में पीछे से बाइक की टक्कर हो गई। झुंझलाए कार सवार लोगों ने घायल बाइक सवार युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने की जगह उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराते हुए घायल को सीएचसी हर्रैया में भर्ती कराया और कार व बाइक को कब्जे में लिया।
दुबौलिया थाना क्षेत्र के बरसांव गांव के रहने वाले पंकज कुमार बृहस्पतिवार सुबह बाइक से दवा लेने महराजगंज बाजार जा रहे थे। सुबह नौ बजे हर्रैया थाना क्षेत्र के तेनुआ गांव के निकट पहुंचने पर बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रही कार से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक डिवाइडर पर जा गिरी। पंकज कुमार (20) सड़क पर गिर कर घायल हो गए। तभी पीछे से पहुंचे ट्रक के चालक ने बड़ी चतुराई से पंकज को चपेट में आने से बचा लिया और आगे निकल गया।
इस दौरान कार खड़ी कर उस पर सवार कुछ लोग घायल पंकज के पास पहुंचे और उन्हें पीटना शुरू कर दिया। यह देखकर आसपास के लोग हतप्रभ रह गए और बीचबचाव करते हुए मामला शांत कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल युवक को अपनी गाड़ी पर बैठाकर सीएचसी हर्रैया ले गई। बाइक और कार को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। प्रभारी निरीक्षक शैलेश सिंह ने बताया कि घायल युवक को इलाज के बाद परिवार के लोग घर लेकर चले गये। किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।