महराजगंज। कस्बे के ओवरब्रिज पर शुक्रवार रात करीब 12:10 बजे खड़े ट्रेलर में पीछे से कार घुस जाने से दंपती समेत एक मासूम बच्ची घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और एनएचआई टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार अयोध्या-बस्ती फोरलेन पर महराजगंज ओवरब्रिज पर एक ट्रेलर लखनऊ से बस्ती लेन पर खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रही कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसे में कार चालक सोनू पुत्र स्वामीनाथ गुप्ता निवासी कप्तानगंज, पत्नी सुमित्रा देवी तथा पांच वर्षीय पुत्री तेजल घायल हो गईं। तीनों को सामान्य चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही एनएचआई के पेट्रोल वाहन की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज भेजा गया।
वहां उनका उपचार कराया गया। अस्पताल में घायलों के परिजन भी पहुंच गए। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद कुछ देर तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में एनएचआई की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया।