महराजगंज। कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर गड़हा गौतम के पास शुक्रवार सुबह करीब 7:55 बजे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर के पोल से टकरा गई। हादसे में कार सवार प्रीति यादव 40 वर्ष घायल हो गईं। उनके दाहिने पैर में चोट आई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही एनएचआई की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारु कराया। वहीं एंबुलेंस कर्मियों ने घायल महिला को प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल बस्ती पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार डिवाइडर के पोल से जा टकराई। हादसे के चलते कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।