छावनी क्षेत्र के रामरेखा नदी में गिरी कार
छावनी। अयोध्या से बरात में शामिल होने बाद वापस गोरखपुर घर जा रहे कार सवार की गाड़ी बृहस्पतिवार की सुबह कोहरे के कारण हाईवे पर नाल्हीपुर गांव के पास रामरेखा नदी के पुल की दीवार से टकराकर नदी में गिर गई। कार में एक ही परिवार के तीन लोग सवार थे। हादसे में एक महिला को चोट आई है, जबकि पिता ओर बेटी बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर के घंटाघर क्षेत्र के रहने वाले रविकुमार गुप्ता पत्नी दीप्ति गुप्ता और बेटी वेदिका के साथ बरात में शामिल अयोध्या गए थे। वापसी में छावनी क्षेत्र के नाल्हीपुर गांव के पास कोहरे की वजह से रामरेखा नदी पर बने पुल की दीवार से टकराकर उनकी कार नदी में गिर गई।
नदी में पानी कम होने के कारण कार नीचे गिर कर झाड़-झंखाड़ में फंस गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे प्रदीप कुमार, अजय, मनोज ने कार सवारों को निकाला और पुलिस को सूचना दी। कार सवार महिला दीप्ति के पैर में चोटें आई है, उनका इलाज हर्रैया में चल रहा है।