बस्ती। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार की रात लगभग 9:30 बजे गड़हा गौतम ओवर ब्रिज के निकट खड़ी रोडवेज बस में पीछे से एक कार के टकरा जाने से उसमें सवार दो लोग घायल हो गए, जबकि सड़क पार कर रहे युवक की कार की चपेट में आने से मौत हो गई ।
कोतवाली थाना क्षेत्र के ओरीजोत निवासी 31 वर्षीय आदित्य पुत्र ओम प्रकाश तथा शहर के बैरिहवां निवासी 41 वर्षीय चंद्रिका पुत्र जनार्दन कार से अयोध्या से बस्ती आ रहे थे। गाड़ी जैसे ही गड़हा गौतम डिग्री कॉलेज के सामने स्थित ओवरब्रिज से नीचे उतरी अचानक एक युवक वाहन के सामने आ गया। उसे बचाने के चक्कर में कार सड़क किनारे खड़ी परिवहन निगम की बस से टकरा गई। इस दौरान युवक भी कार की चपेट में आकर मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना में कार सवार आदित्य व चंद्रिका भी घायल हो गए। मृतक की पहचान दुबौलिया थाना क्षेत्र के मझियार निवासी शिव सहाय पुत्र लालता प्रसाद के रूप में की गई है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची कप्तानगंज पुलिस ने तीनों को सीएचसी पहुंचाया, जहां शिव सहाय को चिकित्सकों ने मृत घोषित किया, जबकि अन्य दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया है।