दुबौलिया। थाना क्षेत्र के रामजानकी मार्ग पर बैरागल गांव के पास निर्माणाधीन टोल प्लाजा के समीप शुक्रवार की देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां सड़क किनारे खड़ी अर्टिगा कार को तेज रफ्तार अनियंत्रित डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में तुरंत आग लग गई और कुछ ही देर में पूरी कार धूं-धूं कर जल गई। जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार की रात हुआ कार सवार कलवारी की ओर जा रहा था। बैरागल के पास चालक कार खड़ी कर लघुशंका के लिए नीचे उतरा हुआ था। इसी दौरान छावनी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डीसीएम चालक ने नियंत्रण खोते हुए खड़ी कार में टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने का प्रयास किया, तब तक पूरी कार पूरी तरह जल चुकी थी। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। संवाद