टिनिच। सहकारी गन्ना समिति टिनिच परिसर में किसानों ने पिछले वर्ष के गन्ना मूल्य बकाया से कटौती के विरोध में प्रदर्शन किया। किसानों ने आरोप लगाया है कि मिल ने किसानों को खेत के लिए दवा उपलब्ध कराने की बात कहकर कटौती की है जबकि उन्हें दवा नहीं मिली है।
क्षेत्र के तिनहरी, झग्गापुर, पंडितपुर, भदना, बसहवा, बजहिया, धनघटी, सुल्तानपुर, बदलूपुर, बेलवाडाड़, टिनिच शुक्ल, घूरहूपुर के किसानों ने सोमवार को समिति परिसर मे पहुंच कर काटी धनराशि की मांग की। किसानों का गन्ना सप्लाई बभनान शुगर मिल को वर्ष 2017-18 में किया गया था। किसान गिरजेश सिंह, रामकुशल, शेर बहादुर, गोवर्धन, राजेन्द्र, गया प्रसाद, रामजतन, श्यामलाल व ज्ञानदास सहित तमाम किसानों का प्रति किसान 1850 रुपये काट लिया गया। किसानों ने आरोप लगाया कि पिछले वर्ष गन्ना बभनान शुगर मिल को सप्लाई किया गया था। बेचे गए गन्ने का पूरा धन नहीं आने पर जब पता किया गया तो मिल के अधिकारियों ने बताया कि दवा के मद में कटौती की गई है। जबकि हमें कोई दवा नहीं मिली है। सहायक गन्ना महा प्रबंधक श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि जिन किसानों की पर्ची का धन कट गया है, वे किसान समिति में शिकायती पत्र दे दें। जांच के बाद जिन किसानों का रुपया कटा है वापस करा दिया जाएगा।