यूपी बोर्ड : हाईस्कूल में 39,466 तथा इंटरमीडिएट में 38,082 सहित कुल 77,548 अभ्यर्थी पंजीकृत
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। यूपी बोर्ड परीक्षा में इस बार प्रवेश पत्र के साथ अभ्यर्थियों को अपार आईडी या पैन भी दिखाना होगा। तभी उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा।
इस बार हाईस्कूल में 39,466 तथा इंटरमीडिएट में 38,082 सहित कुल 77,548 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। इनके लिए 124 केंद्र बनाए गए हैं। बोर्ड की तरफ से फरवरी में प्रयोगात्मक परीक्षा शुरू होने वाली हैं। लिखित परीक्षा की तिथि भी जारी कर दी गई है। हालांकि, अभी प्रवेश पत्र नहीं जारी हुआ है। जनवरी के अंतिम सप्ताह तक इसके जारी होने की उम्मीद है। यूपी बोर्ड की परीक्षा में इस बार प्रवेश पत्र स्कूलों के साथ-साथ विभाग की वेबसाइट पर भी जारी होगा। इसे अभ्यर्थी डाउनलोड कर सकते हैं। यह सुविधा सिर्फ संस्थागत अभ्यर्थियों के लिए ही है।
प्राइवेट अभ्यर्थियों को यह सुविधा नहीं मिल सकेगी और उन्हें प्रवेश पत्र उसी स्कूल से मिलेगा, जहां से उन्होंने बोर्ड परीक्षा फार्म भरा था। इस बार सिर्फ प्रवेश पत्र दिखाकर अभ्यर्थी कक्ष में नहीं दाखिल होने पाएंगे। प्रवेश पत्र के साथ उन्हें अपार आईडी भी प्रस्तुत करना होगा। यदि बोर्ड परीक्षा के अभ्यर्थियों ने आवेदन नहीं किया है तो तत्काल इसके लिए आवेदन कर दें, जिससे यह परीक्षा के पहले प्राप्त हो सके।
अपार आईडी न होने की दशा में आधार कार्ड अथवा पैन कार्ड के विकल्प का सहारा लेना पड़ेगा। प्रभारी डीआईओएस डॉ. भूपेंद्र मिश्र ने बताया कि इस बार परीक्षा को बोर्ड की तरफ से कई बदलाव किए हैं। पहली बार बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रयोगात्मक परीक्षा के दौरान ही अपार आईडी, पेन या आधार कार्ड में किसी एक को दिखाना होगा। तभी वे परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। इसके लिए सभी केंद्राध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं।