बस्ती। मंडल के तीनों जिलों में शनिवार को 26 प्रधान डाकघर व उप डाकघरों पर विशेष शिविर का आयोजन किया गया। आधार नामांकन/अपडेशन किया गया। अधीक्षक डाकघर बस्ती मंडल संजय त्रिपाठी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को सुविधाजनक सेवा प्रदान करना है। शिविर प्रत्येक शनिवार को डाकघरों में कार्यालय खुलने से लेकर बंद होने तक संचालित कराया जा रहा है। शिविर में नए आधार कार्ड के साथ-साथ संशोधन का भी कार्य किया गया। आधार नामांकन निशुल्क किया गया। डेमोग्राफिक संशोधन के लिए 50 रुपये, बायोमेट्रिक संशोधन के लिए 100 रुपये व डेमोग्राफिक संशोधन बायोमैट्रिक के साथ 100 रुपये शुल्क तय है। बताया कि अमोढ़ा, बभनान, बखिरा, बस्ती बीएस, बस्ती कचहरी, कप्तानगंज, धनघटा, डुमरियागंज, दुधारा, गौर आरएस, हैंसर बाजार, हरिहरपुर, हर्रैया, इटवा, खलीलाबाद एमडीजी, मगहर, मेंहदावल, मुंडेरवा, बस्ती प्रधान डाकघर, परशुरामपुर, पुरानी बस्ती, रुद्रनगर, सल्टौआ, सिद्धार्थनगर प्रधान डाकघर, उस्का बाजार, वाल्टरगंज में कैंप लगा। पोस्टमास्टर रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि प्रधान डाकघर खैर इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित कैंप में 62 कार्ड अपडेट किए गए, वहीं चार नये कार्ड बने।