बस्ती। बारिश में देरी और सूखे की संभावना को देखते हुए डीएम कृत्तिका ज्योत्सना की ओर से तीन से 23 जुलाई तक विशेष किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) और फसल बीमा अभियान चलाकर अधिक से अधिक किसानों को इससे आच्छादित करने के लिए निर्देश दिए हैं।
जनपद में यह विशेष अभियान कृषि, सहकारिता, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, बीमा कंपनी, सभी व्यवसायिक एवं सहकारी बैंकों, जन सुविधा केंद्र संचालकों, ग्राम विकास पंचायती राज एवं राजस्व विभाग द्वारा समेकित रूप से चल रहा है।
जिलाधिकारी की ओर से बाढ़ से प्रभावित 105 ग्राम पंचायतों में विशेष रूप से मुनादी और ग्राम चौपाल आयोजित इन गांवों के शत-प्रतिशत किसानों के केसीसी कार्ड बनवाने एवं उन्हें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत सचिव अथवा पंचायत सहायक, ब्लॉक स्तर पर बीडीओ तथा जनपद स्तर पर डीएओ को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
बैंकों के साथ समन्वय का दायित्व अग्रणी बैंक प्रबंधक का होगा। जनपद में 5.20 लाख से अधिक किसानों में करीब 85.49 प्रतिशत किसानों ने अपनी फार्मर रजिस्ट्री बनवाई जा चुकी है। लेकिन, किसान क्रेडिट कार्ड से लाभान्वित कृषकों की संख्या कम है। डीडी कृषि अशोक कुमार का कहना है कि फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति ठीक है। केसीसी पर ध्यान है। इसके लिए कैंप लगवाए जा रहे हैं। इसकी मानीटरिंग भी हो रही है।