अभियान पूरा, मुख्यालय लौटे एडीजी
बस्ती। कबीर तिवारी की हत्या के बाद गरमाए माहौल पर काबू पाने के लिए 10 अक्तूबर को देर रात पहुंचे एडीजी अभियोजन आशुतोष पांडेय सोमवार को वापस मुख्यालय लौट गए। माना जा रहा है कि इस चार दिनों के भीतर जिले की मशीनरी और आवाम में चल रही हलचल से न केवल डीजीपी ओपी सिंह, बल्कि प्रमुख सचिव गृह एवं मुख्य सचिव को अवगत कराएंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि एक दो दिन में कुछ और कार्रवाई और फेरबदल की जा सकती है।
दशहरा के दिन विसर्जन के मुख्य अवसर पर छावनी के अमोढ़ा में बवाल और अगले दिन कप्तानगंज व शहर में हत्याकांड के बाद प्रशासन सकते में आ गया था। छात्रनेता की हत्या के बाद हुए उपद्रव के कारण शासन का प्रशासनिक टीम से भरोसा उठ गया। आनन-फानन में एडीजी अभियोजन आशुतोष कुमार पांडेय को घटनाओं की जांच व शांतिपूर्ण माहौल में दुर्गा पूजा समारोह को सम्पन्न कराने के लिए भेजा गया। विसर्जन से एक दिन पहले ही डीएम और एसपी बदल दिए गए। रविवार को दोनों अधिकारियों ने कार्यभार ग्रहण करके विसर्जन मुहिम में जुड़ गए। जिसका नतीजा रहा कि बिना किसी बवाल के आयोजन संपन्न हुआ। पुलिस कार्यालय के अनुसार परशुरामपुर क्षेत्र की चार प्रतिमाओं समेत कुल आधा दर्जन प्रतिमाओं का विसर्जन सोमवार को सम्पन्न हुआ।