नगर बाजार क्षेत्र के टिनिच मार्ग स्थित एकटेकवा पुल का मामला
नगर बाजार। थाना क्षेत्र कप्तानगंज के टिनिच मार्ग स्थित एकटेकवा पुल के पास पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि फोन कर उसे एकटेकवा पुल पर बुलाया और पहले से घात लगाकर बैठे आरोपियों ने लाठी-डंडे व चाकू से हमला वार किया।
जगदंबा देवी पत्नी भवानीफेर निवासी रैकवार कुसुमभीटी ने थाने में तहरीर देकर बताया कि 27 अप्रैल को सुबह 11:30 बजे उनके पुत्र सुग्रीम को अमन वर्मा ने फोन कर एकटेकवा पुल पर बुलाया। जब सुग्रीम वहां पहुंचा तो पहले से घात लगाए बैठे अमन वर्मा, अनुज यादव, राजबहादुर, लाला, चंद्रभूषण चौधरी, विजय शर्मा व अंकित यादव ने मिलकर उसे घेर लिया। आरोप है कि सभी ने गालियां देते हुए लाठी-डंडा और चाकू से हमला कर दिया। जान से मारने की धमकी दी। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटने लगे, जिस पर आरोपी मौके से भाग गए।
प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।