चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, दो गिरफ्तार
जिला अस्पताल के पास से चोरी हुई थीं दोनों मोटरसाइकिलें
पुरानी बस्ती पुलिस ने राजा मैदान के पास से की बरामदगी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिला अस्पताल के पास से चोरी हुई दो मोटरसाइकिल को पुरानी बस्ती पुलिस ने थाना क्षेत्र के राजा मैदान के पास से बरामद कर लिया। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार को पुलिस ने चोरी के मुकदमे से संबंधित दो आरोपितों को राजा मैदान के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार राम नरायन कसौधन ने तहरीर देकर बताया था कि आदर्श मेडिकल स्टोर सदर अस्पताल पुरानी बस्ती से उनकी बाइक चोरी हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू की। मुखबिर की सूचना पर आरोपी उत्कर्ष श्रीवास्तव निवासी रामनगर कॉलोनी चननी मार्ग थाना कोतवाली और रविकांत वर्मा निवासी सरयू नहर कॉलोनी गड़गोड़िया थाना कोतवाली को गिरफ्तार किया। दोनों की निशानदेही पर राजा मैदान के पास से चोरी की दो बाइक बरामद की गई। दूसरी बाइक के बारे में पुलिस छानबीन कर रही है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसएसआई एखलाक अहमद, चौकी प्रभारी दक्षिण दरवाजा जितेन्द्र सिंह, कांस्टेबल विवेक कुमार, साजिद जमाल, अनुज शुक्ला और नरेंद्र प्रजापति शामिल थे।