प्रधान के एक, बीडीसी के चार पदों पर होगा उपचुनाव
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले के एक ग्राम पंचायत प्रधान और चार क्षेत्र पंचायत सदस्य सीट के लिए उपचुनाव की अधिसूचना जारी होते ही संबंधित गांवों में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। संभावित उम्मीदवार अपने-अपने तरह से खेमेबंदी में जुटे हुए हैं। कुछ सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन की कवायद देखी जा रही है।
जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव की अधिसूचना बुधवार को जारी हो चुकी है। इसके अनुसार आठ फरवरी को सुबह 10 से शाम चार बजे तक नामांकन होगा। नामांकन पत्रों की जांच 10 फरवरी को सुबह 10 बजे से होगी। 11 फरवरी को नाम वापसी और उसके बाद चुनाव चिह्न का आवंटन होगा। जरूरत होने पर 19 फरवरी को मतदान होगा और 21 फरवरी को ब्लॉक मुख्यालय पर गणना होगी।
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार रामनगर ब्लॉक में बीडीसी के दो तथा सल्टौआ गोपालपुर में बीडीसी के दो रिक्त पदों पर उपचुनाव होना है। इसी प्रकार विकास खंड गौर में प्रधान के एक रिक्त पद पर चुनाव होगा। रामनगर ब्लॉक में दो, गौर में चार, दुबौलिया में नौ, रुधौली में सात, विक्रमजोत में दो तथा परशुरामपुर में दो ग्राम पंचायत सदस्य के खाली पदों पर चुनाव होना है।