हर्रैया। छावनी थाना क्षेत्र के बबुरहवा गांव में बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे व्यापारी रामबहाल यादव (55) की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। गोली उनके सिर के दाहिनी ओर लगी थी। घटना के बाद गांव में आत्महत्या की चर्चा रही। वहीं, मौके से तमंचा नहीं मिलने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। रामबहाल गांव में तेल और आटा चक्की चलाते थे। करीब 25 वर्ष पहले पहली पत्नी से उनका संबंध टूट गया था। इसके बाद उन्होंने इंद्रावती से कोर्ट मैरिज की थी। वह वर्तमान में इंद्रावती और उसके 14 वर्षीय बेटे सर्वेश के साथ रहते थे। रामबहाल ने कुछ दुकानें किराये पर भी दे रखी थीं।
बृहस्पतिवार शाम चक्की के पास रामबहाल को गोली लगने की जानकारी पर परिजन उन्हें गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीओ स्वर्णिमा सिंह, हर्रैया थानाध्यक्ष संजय कुमार और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की।
पुलिस पारिवारिक विवाद समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस प्रथमदृष्टया घटना को आत्महत्या मान रही है, लेकिन तमंचा नहीं मिलने से हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी। सीओ स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।