बस्ती। होली के पर्व को लेकर दिल्ली मार्ग पर विशेष व्यवस्था की जाएगी। बसों के फेरे बढ़ाए और संख्या बढ़ाई जाएगी।
इसके साथ ही स्थानीय मार्गों पर भी बसों के फेरे बढ़कर यात्रियों को सुविधा मुहैया कराई जाएगी, ताकि आसानी से होली पर्व में यात्री घर पहुंच सके। दूर-दराज से आने वाले यात्रियों के दृष्टिगत 28 फरवरी से होली स्पेशल सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी।
होली के पर्व को लेकर रोडवेज डिपो के अधिकारी तैयारी तेज कर दिए हैं। दिल्ली, मेरठ, कानपुर, लखनऊ सहित अन्य शहरों में रहने वाले जिले के लोग होली पर्व मनाने घर आते हैं। इन यात्रियों को आवागमन में किसी तरह की कोई समस्या न हो, इसको लेकर परिवहन विभाग ने तैयारी कर लिया है। मौजूदा समय में दिल्ली मार्ग पर करीब 12 बसों का संचालन किया जा रहा है।
त्योहार पर यात्रियों की संख्या को देखते हुए यहां पर 20 अन्य बसों को लगाया जाएगा।
इसके साथ ही प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर और गोंडा, बलरामपुर समेत अन्य इलाकों में संचालित बसों के फेरों को बढ़ाकर यात्रियों को सुविधा मुहैया कराई जाएगी। एआरएम आयुष भटनागर ने बताया कि यात्रियों को किसी तरह की कोई समस्या न हो, इसको लेकर तैयारी की जा रही है।
दिल्ली मार्ग पर अतिरिक्त बसों का संचालन कराकर यात्रियों को सुविधा मुहैया कराई जाएगी, चूंकि दिल्ली से आने वाले यात्रियों की संख्या अधिक होती है।
वहीं, बताया कि होली पर्व पर रोडवेज बसों का संचालन करने वाले चालक व परिचालकों को परिवहन विभाग की ओर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
इसको लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। बेड़े में 103 निगम की और 36 अनुबंधित बसें शामिल हैं।