बस्ती। गोरखपुर में रेल लाइन के रीमाॅडलिंग के चलते 15 से अधिक ट्रेनों के निरस्त होने के बाद रोडवेज बसों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। शहर के एकमात्र डिपो पर बड़ी संख्या में यात्री पहुंच रहे हैं। इनमें लखनऊ व कानपुर के सर्वाधिक यात्री हैं। हालांकि रोडवेज प्रशासन ने महानगरों के लिए अतिरिक्त बसों का इंतजाम जरूर किया है, मगर भीड़ के चलते यह नाकाफी साबित हो रही हैं।
दोपहर करीब डेढ़ बजे रौता चौराहा निवासी राजेश कुमार सिंह लखनऊ जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। बताया कि एक बस अभी थोड़ी देर पहले निकली है, मगर उसमें भीड़ बहुत थी। बैठने भर की जगह न होने के कारण वह बस छोड़ दिए। घंटे भर के इंतजार के बाद वह हाइवे स्थित चौराहे पर निजी बस पकड़ने निकल लिए।
सल्टौआ से दिल्ली जाने के लिए रोडवेज पहुंचे राकेश कुमार ने कहा कि उन्हें दिल्ली जाना है। जिस ट्रेन में उनका आरक्षण था वह ट्रेन निरस्त हो गई है। ऐसे में लखनऊ जाकर किसी भी ट्रेन से दिल्ली निकल लेंगे, मगर यहां लखनऊ के लिए दोपहर दो बजे कोई बस नहीं पहुंची थी। बताया कि सामान्य बसों में भीड़ बहुत जा रही है। ट्रेन निरस्त होने के कारण लखनऊ व कानपुर जाने के लिए सुबह से लेकर शाम तक भीड़ है। आम दिनों में खाली जाने वाली बसों में यात्रियों को बैठने की जगह तक नहीं मिल पा रही है।
-
ट्रेन निरस्त होने के कारण रोडवेज बसों में भीड़ बढ़ी है। यात्रियों को दिक्कत न हो इसके लिए अन्य रूटों से बसों को लखनऊ व कानपुर रूट पर लगा दिया गया है। जिससे भीड़ का बोझ कम हो जाए। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए व्यवस्था बनाई गई है।
-आयुष भटनागर, एआरएम रोडवेज