नगर बाजार। बुधवार की दोपहर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनऊ-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुबखरा गांव के पास सड़क हादसा हो गया। गोरखपुर डिपो की रोडवेज बस लखनऊ से गोरखपुर जा रही थी। बताया जा रहा है कि बस जैसे ही दुबखरा गांव के निकट पहुंची, तभी सामने चल रही कार को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस आगे चल रही ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ईंट ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई। हालांकि ट्रॉली चालक बाल-बाल बच गया। हादसे के समय बस में करीब 31 यात्री सवार थे। दुर्घटना में चार लोगों को मामूली चोटें आईं। इनमें वीरेंद्र प्रताप सिंह (30) निवासी ग्राम मझौवा कला प्रथम थाना रुधौली जनपद बस्ती और रमेश कुमार (35) निवासी इनौहा जनपद अमेठी घायल हो गए। दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार कराया गया। वहीं दो अन्य घायलों को मामूली चोटें आई। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नगर भानु प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। स्थानीय पुलिस चौकी फुटहिया प्रभारी शैलेश कुमार यादव भी मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था संभाली। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बनी रही, जिसे पुलिस ने जल्द ही सामान्य करा दिया।