तीन दिन लगातार बैंकों की बंदी के बाद मंगलवार को जब बैंक खुले तो उनमें से अधिकांश में कैश नहीं थे। ऐसे में लोगों को लगातार चौथे दिन भी निराश होना पड़ा। वहीं छावनी, कुदरहा, चिलमा और नगर बाजार में नाराज लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। छावनी में तो हाइवे पर आधे घंटे तक जाम लगा रहा।
छावनी प्रतिनिधि के अनुसार पूर्वांचल बैंक की शाखा पर सुबह बैंक खुलने से पहले ही खाता धारकों की भारी भीड़ जमा हो गई। बैंक खुलने बाद लोग अंदर जाना चाहे तो आगे का गेट यह कहकर बंद कर दिया गया कि अभी कैश नहीं है। कैश की गाड़ी आने के बाद भुगतान के लिए अंदर आने दिया जाएगा। खाता धारक दिन में डेढ़ बजे तक कैश की आस में बाहर खड़े रहे, मगर उसके बाद उनका गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने बैंक के सामने हाईवे को जाम कर दिया। थोड़ी ही देर में हाईवे पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। एसओ अनिल सिंह ने लोगों को समझा बुझा कर हाईवे को खाली कराया। लगभग आधे घंटे तक हाईवे जाम रहा।
कुदरहा प्रतिनिधि के अनुसार नोट बंदी के कारण परेशान लोगों को मंगलवार को भी राहत नहीं मिली। सेंट्रल बैंक कुदरहा पर सुबह से ही लाइन लगाकर खड़े लोगों को लगा कि मंगलवार को रकम जरूर मिलेगी। लेकिन सुबह 10 बजे बैंककर्मियों ने कैश न होने की नोटिस लगा दी तो लोग नाराज होकर बैंक कर्मियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राम जानकी मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि जब से नोट बंदी की घोषणा हुई तभी से बैंक कुछ खास लोगों पर भी मेहरबान है। जिन्हें भरपूर नकदी दी जाती है। पिपरपाती की सुनीता का कहना है की बैंक में जो भी रकम आती है वह दोपहर के बाद आती है, इनमें से लाख दो लाख लाइन में लगे लोगों को बांट दिया जाता है, बाकी की रकम बैंक के चहेते व्यापारियों को दे दी जाती है। कुदरहा के रामकुमार ने भी गंभीर आरोप लगाए। बैंक की कार्यप्रणाली से नाराज उपभोक्ताओं को मुकामी पुलिस ने समझाकर जाम हटवाया।
दुबौलिया प्रतिनिधि के अनुसार एसबीआई चिलमा में कैश न होने से राम जानकी मार्ग पर पूर्वान्ह 11 बजे से लोगों ने जाम लगा दिया। तकरीबन तीन घंटे तक जाम लगने से अफरा तफरी का माहौल रहा। मौके पर पहुंचे सीओ कलवारी ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया।
बहादुरपुर प्रतिनिधि के अनुसार भारतीय स्टेट बैंक नगर बाजार में लाइन लगाकर खड़े लोगों को जब दिन में तीन बजे तक कैश नहीं मिला तो उन्होने बस्ती कलवारी मार्ग को जाम कर दिया। बड़ी मशक्कत के बाद नगर थानाध्यक्ष रमेश ने जाम हटवाया। लोगों की समस्या को देखकर भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनोद कुमार शुक्ल ने दो लाख अठ्ठानबे हजार रुपये के छोटेनोट बैंक मे जमा किए जिसके बाद कुछ लोगों को भुगतान मिला।
बनकटी प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के पूर्वांचल बैक पक्कवा बाजार, बनकटी, देईसाड़ में रकम की कमी बताकर खाता धारकों को वापस भेज दिया गया। सिन्डीकेट बैंक और एसबीआई बनकटी में मंगलवार को जरूरतमंदों को दो दो हजार रुपये दिए गए। लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार पूर्वांचल बैंक लालगंज पर रकम न रहने के कारण सुबह से ही लाइन मे लगें उपभोक्ताओं को निराश होकर चार बजे तक वापस लौटना पड़ा। सेंट्रल बैंक लालगंज में लगातार तीन दिन बंदी के बाद भी आज पांच पांच सौ रूपया देकर बैंक उपभोक्ताओं को संतोष दिलाया। गायघाट प्रतिनिधि के अनुसार पूर्वांचल बैंक गायघाट में पांच दिन से रकम नहीं मिल पा रही है। स्टेट बैंक में मंगलवार को भी कैश न आने से निराशा हुई।