नगर बाजार (बस्ती)। क्षेत्र के भरवलिया, माड़न क्षेत्र में एक सांड का आतंक व्याप्त है। सांड़ ने दो दिन के भीतर तीन लोगों को घायल कर दिया। क्षेत्र के दो दर्जन से ज्यादा किसानों ने सांड़ को पकड़कर बांध दिया और इस समस्या से निजात के लिए कलक्ट्रेट जा पहुंचे।
थाना क्षेत्र के भरवलिया निवासी 48 वर्षीय रामयज्ञ को सांड ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इससे उनका एक पैर फ्रैक्चर हो गया। उनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। उसी ने 60 वर्षीय रामचरन निवासी मसहा और 65 वर्षीय राम अजोर निवासी रौसिंघापार को भी हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। किसी तरह ग्रामीणों ने उनकी जान बचाई। सभी गांव के लोग इकट्ठा होकर किसी तरह सांड़ को पकड़ कर बांध दिया है। इस बात की लिखित शिकायत लेकर मंगलवार को नगर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भरवलिया, मार्डन व कूरहापट्टी दरियांव निवासी दर्जनों लोगों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आवारा पशुओं से निजात दिलाने की मांग की है।
जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि क्षेत्र में छुट्टा पशुओं ने आतंक मचा रखा है। यह इतने हिंसक हो गए हैं कि किसान जब अपने खेतों की रखवाली करते समय इन्हें भगाते हैं तो यह इन पर हमला करने लगे हैं। जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मची हुई है।