बस्ती। भारत संचार निगम के इंटरनेट को आए दिन किसी ने किसी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। अभी दो दिन पूर्व बभनान गोंडा मार्ग पर ओएफसी कटने से बंद हुए नेटवर्क को जैसे-तैसे दुरुस्त किया गया था कि बृहस्पतिवार दोपहर मंडल के तीनों जिलों में इंटरनेट का नेटवर्क फेल हो गया।
नेटवर्क फेल होने की शिकायतें बढ़ने पर निगम के जिम्मेदारों को जानकारी हुई तो वे इसे व्यवस्थित करने के लिए जुट गए। मगर फाल्ट खोजने में 24 घंटे लग गए। शुक्रवार दोपहर इसे दुरुस्त किया जा सका। हालांकि इस खराबी का असर मोबाइल सेवा पर भी पड़ा है, जिससे बात करने में उपभोक्ताओं को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है।
मंडल में करीब तीन हजार से अधिक इंटरनेट उपभोक्ता हैं। इनमें अधिकांश इंटरनेट का व्यवसायिक उपयोग करते हैं, मगर आए दिन इसमें कोई न कोई दिक्कत खड़ी हो जाती है। बृहस्पतिवार की दोपहर करीब दो बजे अचानक तीनों जिलों में इंटरनेट का नेटवर्क फेल हो गया। इसके चलते लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि तमाम प्रयास के बाद फाल्ट मिला, मगर इसे दुरुस्त करने में 24 घंटे लग गए।
सहायक अभियंता टेलीफोन मनोज कुमार ने बताया कि चारो ओर ओएफसी डैमेज होने से मोबाइल नेटवर्क में दिक्कत आई है। इसे दुरुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है। वैसे इंटरनेट सेवा बहाल हो गई है। विश्वनाथपुर में ओएफसी को ठीक किया जा चुका है।