बस्ती। राजकीय एवं स्वशासी नर्सिंग महाविद्यालय बस्ती के वर्ष 2022-25 बैच के बीएससी नर्सिंग छात्र बृहस्पतिवार को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी से मिले। छात्रों ने उन्हें ज्ञापन देकर इंटर्नशिप के दौरान कम से कम 20 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिए जाने की मांग की।
छात्रों ने बताया कि अन्य प्रदेशों में बीएससी नर्सिंग छात्रों को इंटर्नशिप के दौरान स्टाइपेंड दिया जाता है, जबकि उत्तर प्रदेश में ऐसी व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि इंटर्न को प्रतिदिन करीब आठ और सप्ताह में 48 घंटे तक क्लीनिकल ड्यूटी करनी पड़ती है। इसके अलावा रात्रिकालीन सेवा भी करनी होती है। ऐसे में बिना स्टाइपेंड के निजी खर्च पर ड्यूटी करना मुश्किल हो रहा है।
पूर्व सांसद ने छात्रों की समस्याएं सुनकर मांग को शासन स्तर तक पहुंचाने और समाधान के लिए आवश्यक पहल का आश्वासन दिया। इस दौरान अमित सिंह, अमन बाजपेई, अब्दुल सलाम अंसारी, विकास द्विवेदी, विपिन, अदिति और वैष्णवी मौजूद रहे। संवाद