पोर्टल पर अपलोड की जाने वाली सूचनाओं का अधिकारी स्वयं करें सत्यापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मंडलायुक्त अखिलेश सिंह ने निर्देश दिए कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन के कार्यों के साथ विभागीय योजनाओं का लक्ष्य भी ससमय पूरा किया जाए। सीएम डैश बोर्ड पर योजनाओं की प्रगति समय से अपलोड कराएं। शत-प्रतिशत धनराशि का उपयोग सुनिश्चित करें। वह कलक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक ले रहे थे।
मंडलायुक्त ने कहा कि पोर्टल पर अपलोड की जाने वाली सूचनाओं का अधिकारी स्वयं सत्यापन करें। अक्सर देखा जा रहा है कि ससमय रिपोर्टिंग न होने के कारण मंडल प्रदेश में समुचित रैंक प्राप्त नहीं कर पा रहा है। बीज ग्राम योजना के तहत प्राप्त धनराशि सभी किसानों के खाते में समय से भेजें। उन्होंने संयुक्त निदेशक कृषि को निर्देश दिए कि इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरतें।
कार्यदायी संस्थाएं भी समय से निर्माण कार्य पूरा करते हुए प्राप्त धनराशि का उपभोग सुनिश्चित करें। जल जीवन मिशन के तहत पाइप बिछाने के लिए सड़क की खुदाई करके खुला छोड़ने पर उन्होंने नाराजगी जताई। कहा कि इससे लोकसभा चुनाव के दौरान जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट के आवागमन में बाधा हो सकती है। आगामी 25 मई को मतदान होना है। इसको ध्यान में रखते हुए मतदान से पहले इन गड्ढों को ठीक कराया जाए।
एक्सईएन पीडब्ल्यूडी केशवलाल ने बताया कि जनपद में आठ सड़कों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। कुछ जगहों पर सड़क के किनारे पाइप लाइन बिछाई जा रही है। इससे भविष्य में दिक्कत हो सकती है। सड़क से पर्याप्त दूरी पर पाइप लाइन बिछाई जाए। आयुक्त ने पंचायती राज विभाग के कार्यों की प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया। पशुपालन विभाग को निर्देशित किया कि सड़कों पर विचरण करने वाले पशुओं को स्थानीय गोशाला में सुरक्षित करवाए। संचालन जेडीसी पद्मकांत शुक्ल ने किया। अपर निदेशक स्वास्थ्य डाॅ. विनीता राव, डाॅ. नीरज पांडेय, संयुक्त निदेशक कृषि अविनाश चंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।