फोटो- पीडब्ल्यूडी मुख्य अभियंता कार्यालय
पुल क्षतिग्रस्त होने की सूचनाओं ने पीडब्ल्यूडी को किया चौकन्ना, जारी हुआ फरमान
पुलियों की जांच करेंगे जेई तो 500 मीटर से लंबे पुल हुए चीफ इंजीनियर के हवाले
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सभी पुलों व पुलियों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा। साल में दो बार उसकी जांच रिपोर्ट विभाग मुख्यालय को देनी होगी, ताकि पुलों व पुलियों के क्षतिग्रस्त होने के कारण होने वाले हादसों पर रोक लगाई जा सके। पीडब्ल्यूडी मुख्यालय के इस निर्देश के बाद अभियंताओं की टीमें पुलों को जायजा लेने में जुट गई हैं।
पुलों व पुलियों के क्षतिग्रस्त होने के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। इससे जहां जान-माल का भारी नुकसान होता है, वहीं विभाग की छवि खराब होती है। विभाग की छवि सुधारने के लिए शासन के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी के प्रमुख अभियंता (परिकल्प व नियोजन) अशोक कुमार अग्रवाल ने मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं व एक्सईएन को निर्देश दिए हैं कि सभी छोटे से लेकर बड़े पुलों का नियमित निरीक्षण करवाया जाए। बरसात से पहले मई व बरसात के बाद नवंबर माह में जांच रिपोर्ट मुख्यालय को अनिवार्य रूप से भेजे जाएं ताकि आवागमन में कोई बाधा न खड़ी होने पाए।
...
छोटे से लेकर बड़े पुलों के लिए तैनात हुए जिम्मेदार
पीडब्ल्यूडी मुख्यालय से जारी निर्देश के अनुसार शून्य से छह मीटर लंबे आरसीसी व ह्यूम पाइप के पुलियों के निरीक्षण के लिए अवर अभियंता को जिम्मेदारी सौंपी गई है। छह से 60 मीटर लंबे पुलों के लिए सहायक अभियंता, 60 से 200 मीटर लंबे पुलों के लिए एक्सईएन, 200 से 500 मीटर लंबे पुलों के लिए अधीक्षण अभियंता व 500 मीटर से अधिक लंबे पुलों के निरीक्षण के लिए मुख्य अभियंता जिम्मेदार बनाए गए हैं।
..
कोट
मुख्यालय से मिले निर्देश के अनुसार सभी जिम्मेदारों को अवगत करा दिया गया है। संबंधित अभियंताओं ने पुलों व पुलियों का निरीक्षण शुरू कर दिया है।
- संजय कुमार श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी